जिला जेल से दो कैदी फरार तीन अधिकारी निलंबित
1 min readअयोध्या जिला जेल से कैदी फरार
कैसे टूटी सुरक्षा व्यवस्था
अयोध्या
जिला कारागार से मंगलवार रात सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई, जब स्पेशल सेल में बंद दो कैदी दीवार तोड़कर फरार हो गए। फरार कैदियों की पहचान गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज (निवासी अमेठी) और शेर अली उर्फ रफीक अली (निवासी सुलतानपुर) के रूप में हुई है। दोनों हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में जेल में बंद थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों कैदियों ने रात के समय पीछे की दीवार को निशाना बनाया और करीब 25 से 30 ईंटें उखाड़ दीं। इसके बाद कंबल और मफलर को जोड़कर रस्सी बनाई और लगभग 20 फीट ऊंची जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। सुबह जब जेल स्टाफ ने बैरक की जांच की, तब घटना का खुलासा हुआ और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जेल परिसर की तलाशी ली गई और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। फरार कैदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस गंभीर लापरवाही पर डीजी जेल पीसी मीणा ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी समेत एक हेड वार्डर और तीन वार्डरों को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

