पंच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिन मवई बाईपास में उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
1 min read बांदा
पंच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिन मवई बाईपास में उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर ने सुनाई हनुमान चालीसा की चौपाइयों पर आधारित हनुमंत कथा
बांदा। – बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमान चालीसा की चौपाई रामदुआरे तुम रखवारे की व्याख्या करते हुए कहा कि भक्तों को भगवान श्रीराम से मिलाने वाले रखवारे हनुमान जी महराज ही हैं। बिना हनुमान जी की कृपा प्राप्त किए कोई भी भक्त मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की कृपा नहीं प्राप्त कर सकता।
शहर के मवई बाईपास में बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण िसंह के संयोजन में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा को संबोधित करते हुए बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं.धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमान जी और भगवान श्रीराम की महिमा का बखान किया। लाखों श्रद्धालुओं से खचाखच भरे करीब सौ बीघा के पंडाल में भक्तों को हनुमान चालीसा की चौपाइयों पर आधारित हनुमंत कथा का रसपान कराया। कहा कि हनुमान जी की आराधना करने वाले श्रीराम की भक्ति के साथ रक्षा की गारंटी का वरदान मिलता है। उन्होंने अपना संस्मरण सुनाते हुए कहा कि जब वह टीवी, मीडिया पर प्रसिद्ध हुए तो उन्हें भी लोगों की आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा, लेकिन उनके गुरु और हनुमान जी महराज की कृपा से उनकी भक्ति पर पूरा भरोसा है। उन्होंने तुम रक्षक काहू को डरना चौपाई को जीवन में उतारने का संकल्प दिलाया। कहा कि भगवान के भरोसे रहने वाले को हर हाल में भी भवसागर से पार उतरने का रास्ता प्रशस्त हो जाता है। जिस भक्त के मन में भगवान के प्रति आस्था व प्रेम होता है, उसे भगवान किसी भी सूरत में डूबने नहीं देते। उन्होंने जटायू की व्यथा सुनाते हुए कहा कि रामनाम के सहारे ही जटायु पंख कटने की स्थिति में भी भगवान श्रीराम के दर्शन प्राप्त हुए। कहा कि भगवान कभी भक्त का भरोसा नहीं तोड़ सकते और भक्त की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। बागेश्वरधाम सरकार ने कथा पंडाल में मौजूद लाखों श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सुख और शांति का होना बहुत जरूरी है। बताया कि मनुष्य साधनों के जरिए सुख तो हासिल कर सकता है, लेकिन जीवन में शांति पाने के लिए भगवान की भक्ति ही एक मात्र साधन है।
इनसेट
हनुमंत कथा में दिखा श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम
बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर की हनुमंत कथा के चौथे दिन भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुल मिलाकर समूचा इलाका कथा रस के साथ भगवान श्रीराम व हनुमान जी की भक्तिरस से सराबोर हो गया। करीब सौ बीघा क्षेत्रफल में लगे भारी भरकम जर्मन हैंगर पंडाल के अंदर-बाहर सिर्फ भक्तों का सैलाब ही नजर आया। कथा का रसपान करने वाले प्रमुख लोगों में राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, शिक्षक एमएलसी बाबूलाल तिवारी, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के प्रमुख आशीष, महिला कल्याण निगम की चेयरमैन कमलावती सिंह, आरएसएस के जिला प्रचारक अनुराग, संतोष, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह, हमीरपुर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, चित्रकूट नगर पालिका चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता, सहकारी बैंक चेयरमैन पंकज अग्रवाल, पूर्व विधायक अंबरेश कुमारी समेत क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
