नकली घी बनाने की शिकायत पर खाद्य विभाग का छापा, फैक्ट्री सील
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर में नकली घी बनाने की शिकायत पर खाद्य विभाग का छापा, फैक्ट्री सील
धौलपुर जिले में नकली घी बनाने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रीको क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के बाद खाद्य विभाग ने फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम् सिंह ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। विभाग को नकली घी बनाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर टीम ने रीको क्षेत्र में अल्फा फैक्ट्री के पास स्थित एक फैक्ट्री परिसर की जांच की।
मौके पर पाया गया कि फैक्ट्री को पार्टिशन लगाकर दो हिस्सों में विभाजित किया गया था। एक हिस्से में नैमिनाथ और सुधर्म ब्रांड के देसी घी के खाली पीपे, प्लेन पीपे तथा बड़ी मात्रा में पैकिंग मटेरियल मिला। वहीं दूसरे परिसर में आनंद लाइट और ओम लाइट ब्रांड के इंटरस्टरी फाइट फैट की पैकिंग से जुड़ा सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई पाई गई।
छापे के दौरान दोनों परिसरों में केवल चौकीदार ही मौजूद था। जांच के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दोनों फैक्ट्री परिसरों को सील कर दिया और संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कार्यालय में आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाइट खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

