65 अवैध जम्पर काटे, 25 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेद
1 min readधौलपुर राजस्थान।
डिस्कॉम की सख्ती: 65 अवैध जम्पर काटे, 25 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेद
धौलपुर।
धौलपुर डिस्कॉम डिविजन द्वारा बिजली चोरी और राजस्व वसूली में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए शहर व ग्रामीण उपखण्ड क्षेत्रों में व्यापक कार्यवाही की गई है। इस दौरान शहर क्षेत्र में बिजली चोरी पर लगाम कसते हुए 65 अवैध जम्पर काटे गए, जबकि ग्रामीण उपखण्ड में 25 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार धौलपुर शहर और ग्रामीण उपखण्ड में बिजली चोरी की अधिक घटनाएं तथा राजस्व वसूली में पिछड़ने के कारण कार्यवाही को तेज किया गया है। इसी क्रम में पचगांव में गैर उपभोक्ताओं और बकायेदारों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया, जहां लोगों को नए बिजली कनेक्शन लेने और पुरानी बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीण उपखण्ड जिले में राजस्व वसूली के मामले में सबसे पिछड़ा हुआ है, जहां वर्तमान में लगभग 1.50 करोड़ रुपये की कमी चल रही है। इसको लेकर उच्च अधिकारियों ने नाराजगी भी जाहिर की है।
डिस्कॉम के एक्सईएन विवेक शर्मा ने बताया कि ग्रामीण उपखण्ड में राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए अधिक बकाया वाले फीडरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जेईएन को दिए गए हैं। साथ ही बिलों में त्रुटि सुधार और बकाया राशि जमा कराने के लिए शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
वहीं शहर क्षेत्र में जिन कॉलोनियों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हैं, वहां गैर उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए शिविरों और फीडर इंचार्ज के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। डिस्कॉम ने शहर उपखण्ड में चिन्हित उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

विजय कुमार शर्मा
