नाबालिग दलित किशोरी से दुष्कर्म का मामला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
1 min read
अयोध्या

जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय दलित किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, देवगांव पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के पिता ने कुमारगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने किशोरी की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम गठित की और खोजबीन के दौरान उसे आरोपी युवक के साथ थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत किशोरी को थाने लाकर संरक्षण में रखा गया। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए गए।
पीड़िता ने अपने बयान में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच में भी हुई। बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पीड़िता को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में कुमारगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
