1700 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान, 305 मतदान केंद्रों पर रहेगा कड़ा पहरा,
1 min read
पंचायतीराज चुनावः राजाखेड़ा, बसेड़ी और सरमथुरा में 1700 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान, 305 मतदान केंद्रों पर रहेगा कड़ा पहरा,
धौलपुर,
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण एवं धौलपुर जिले के द्वितीय चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। राजाखेड़ा, बसेड़ी और सरमथुरा पंचायत समितियों के 305 मतदान केंद्रों पर करीब 1700 पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे। इनमें राजाखेड़ा के 137, बसेड़ी के 101 और सरमथुरा के 67 मतदान केंद्र शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को डराने-धमकाने या चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी एएसपी वैभव शर्मा रहेंगे।
मतदान के दौरान क्षेत्र में 44 मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त करेंगी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 21 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र बल लगाया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा।सुरक्षा व्यवस्था में जिला पुलिस के साथ आरएएसी धौलपुर, भरतपुर आरएसी बटालियन, जयपुर पुलिस तथा धौलपुर एवं भरतपुर के होमगार्ड जवान भी शामिल रहेंगे। मतदान दलों की रवानगी 13 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बाड़ी रोड धौलपुर से होगी। पुलिस टीमों की ओर से तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च कर मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है।

