बिजली बिलों की शिकायतों पर डिस्कॉम का एक्शन, जनसुनवाई में 58 मामले पहुंचे, 48 का मौके पर समाधान; 3 लाख का राजस्व मिला,
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
धौलपुर,
जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर वृत्त कार्यालय में गुरुवार को एसई विवेक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में बिजली बिलों की गड़बड़ी, लंबित वीसीआर और अन्य समस्याओं से जुड़े 58 प्रकरण सामने आए। इनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों का सात दिन में समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।
जनसुनवाई में बिजली बिल संबंधी 35, वीसीआर के 19 और अन्य चार प्रकरण आए। इस दौरान 20 नए एवं पुराने कटे हुए कनेक्शन के उपभोक्ताओं ने बकाया राशि और लंबित वीसीआर का भुगतान किया, जिससे डिस्कॉम को करीब 3 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। जनसुनवाई दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक चली।
एसई विवेक शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व वसूली लक्ष्य को पूरा करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई के साथ उपखंड स्तर पर भी शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बकायेदारों से समय पर बिल जमा कराने और कटे हुए कनेक्शन की बकाया राशि चुकाकर नया कनेक्शन लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि बकायेदारों के परिसरों में बिजली आपूर्ति की जांच कराई जा रही है। कटे हुए कनेक्शन पर बिजली चालू मिलने पर विजिलेंस कार्रवाई होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी और अधिक लोड वाले उपकरणों की भी जांच की जा रही है। इस दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। जनसुनवाई में एएओ तपेश, मनीष, निशार खान सहित डिस्कॉम कार्मिक और उपभोक्ता मौजूद रहे।
विजय कुमार शर्मा

