आउटसोर्स कर्मियों ने प्रदर्शन कर कार्यवृत्त की प्रतियां जलाई
1 min readआउटसोर्स कर्मियों ने प्रदर्शन कर कार्यवृत्त की प्रतियां जलाई
अयोध्या।

विद्युत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने शनिवार शाम 4 बजे पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। अयोध्या जिले के नाका उपकेंद्र पर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान, कर्मचारियों ने 29 नवंबर 2025 को जारी किए गए कार्यवृत्त (मिनट्स ऑफ मीटिंग) की प्रतियां जलाईं।कर्मचारियों का आरोप है कि 26 नवंबर 2025 को शक्ति भवन, लखनऊ में निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन) की अध्यक्षता में हुई बैठक में बनी सहमति के अनुरूप 29 नवंबर 2025 को कार्यवृत्त जारी नहीं किया गया। इसी असहमति के कारण संगठन ने यह विरोध प्रदर्शन किया।
इससे पहले, 26 नवंबर 2025 को भी लगभग 15,000 बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों ने शक्ति भवन, लखनऊ में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया था।उनकी मुख्य मांगों में विद्युत उपकेंद्रों के परिचालन व अनुरक्षण कार्य में तैनात कर्मचारियों की छंटनी रोकने, छंटनी के बाद मानक निर्धारित करने हेतु समिति का गठन करने और 18 सितंबर 2025 के आदेश का पालन करते हुए कार्य के अनुरूप अनुबंध करने की मांग शामिल थी।कर्मचारियों ने 18,000 रुपये वेतन निर्धारित न करने, मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों को वापस न लेने, घायल कर्मचारियों का कैशलेस इलाज न कराने और उपचार में व्यय की गई धनराशि का भुगतान न करने पर भी आपत्ति जताई। इसके अतिरिक्त, 55 वर्ष की आयु का हवाला देकर अनुभवी कर्मचारियों को कार्य से हटाने और वर्टिकल व्यवस्था लागू करने का भी विरोध किया गया।संगठन ने जांच अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्ट ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई न करने, मीटर रीडरों को न्यूनतम वेतन के हिसाब से भुगतान न करने और स्मार्ट मीटर लगने की स्थिति में उन्हें कार्य से हटाने की आशंका पर भी चिंता व्यक्त की।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के जोन महामंत्री विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या जनपद में शाम 4 बजे सभी संविदा कर्मचारियों ने अपने-अपने उपकेंद्रों पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और 29 नवंबर 2025 को जारी कार्यवृत्त की प्रति जलाई।
