भीषण सड़क हादसा 17 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के लगाए गंभीर आरोप
1 min readअयोध्या

जनपद के हैदरगंज थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। घटना को 17 दिन बीत जाने के बाद कोतवाली बीकापुर पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज किया, जिससे मृतक के परिजन आक्रोशित हैं।
यह हादसा 19 जनवरी 2026 को तब हुआ था, जब युवक मोटरसाइकिल से अयोध्या की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बिसुवी नदी पुल पार करके कृष्णा बीटीसी कॉलेज के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे हैदरगंज क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता पंचनारायण तिवारी, निवासी दिवाकरपट्टी (कूरेभार, सुल्तानपुर) ने हादसे के बाद अंतिम संस्कार और सभी धार्मिक क्रियाकर्म पूरे होने पर तहरीर दी थी। परिजनों का आरोप है कि समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और पुलिस ने 17 दिन बाद एफआईआर लिखी, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट हो गए और जांच प्रभावित हो सकती है।
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शुरुआत में ही मामला दर्ज हो जाता, तो आरोपी वाहन और उसके चालक का पता लगाना आसान होता।
