युवती ने नहर में लगाई छलांग, पांच दिन बाद शारदा बड़ी नहर से बरामद हुआ शव
1 min readअयोध्या
जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान एक 20 वर्षीय युवती ने शारदा सहायक बड़ी नहर में छलांग लगा दी। घटना के पांच दिन बाद बुधवार सुबह उसका शव नहर से बरामद कर लिया गया। मृतका की पहचान सविता गौड़ उर्फ चुलबुली के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय बजरंगी गौड़ की पुत्री थीं और ग्राम गोविंदपुर मजरे खानपुर थाना महाराजगंज की निवासी थीं।
जानकारी के अनुसार, सविता शुक्रवार 6 फरवरी दोपहर करीब 3:30 बजे घर से नाराज होकर निकलीं। वह सीधे बिल्हार घाट स्थित शारदा सहायक बड़ी नहर पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने पुल पर अपनी चप्पलें और मोबाइल फोन रखकर गहरे पानी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में समा गईं और नजरों से ओझल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना महाराजगंज पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया। कई किलोमीटर तक लगातार सर्च अभियान चला, लेकिन शुरुआती दिनों में सफलता नहीं मिली। नहर का पानी बंद कराने और गहन तलाश के बाद बुधवार सुबह शव बरामद हुआ, जो घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। डायल 112 पर करीब 3:52 बजे कॉलर शुभम विश्वकर्मा ने शव बहते देखने की सूचना दी। पुलिस की पीआरवी टीम (0916) मौके पर पहुंची। मृतका के भाई उमेश ने शव की शिनाख्त की। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने पंचनामा कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण युवती के नहर में छलांग लगाने की बात सामने आई है। यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लगता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत का अंतिम कारण स्पष्ट होगा। इलाके में शांति व्यवस्था सामान्य है और कोई अफरा-तफरी नहीं हुई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

