आदर्श बजरंग नर्सरी स्कूल फतेहगंज का शैक्षिक भ्रमण सम्पन्न
1 min readबांदा/ फतेहगंज
जनपद बांदा के तहसील अतर्रा क्षेत्र अंतर्गत आदर्श बजरंग नर्सरी स्कूल फतेहगंज द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निजी वाहन द्वारा विद्यालय के 22 बच्चों को ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने चित्रकूट जिले के प्रसिद्ध भरतकूप मंदिर के दर्शन किए। विद्यार्थियों को मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के वनवास काल में उनके छोटे भाई भरत ने भारतवर्ष के सभी तीर्थों से जल एकत्र कर भरतकूप में डाला था, जिसके कारण यह स्थल अत्यंत प्रसिद्ध हुआ।
इसके पश्चात सभी छात्र कामतानाथ पर्वत पहुंचे, जहां उन्होंने परिक्रमा कर धार्मिक आस्था और संस्कृति को नजदीक से जाना। बताया गया कि चित्रकूट वह पावन भूमि है जहां भगवान श्रीराम ने माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ अपने 14 वर्षों के वनवास काल में लगभग 12 वर्ष निवास किया था। यहीं से वे पंचवटी के लिए प्रस्थान किए थे।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में स्थित एक ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थल है जिसे मिनी खजुराहो भी कहा जाता है जिसे पेशवा विनायक राव ने 19वीं सदी में बनवाया था और ये महल और मंदिर परिषद के रूप में मौजूद है जहां भगवान शिव को समर्पित एक नक्काशीदार मंदिर प्रमुख है
इसके अलावा गोस्वामी तुलसीदास से जुड़े स्थलों की जानकारी भी बच्चों को दी गई। बताया गया कि चित्रकूट में ही भगवान राम का राज्याभिषेक करने के लिए भरत ने सभी नदियों का जल एकत्र किया था तथा यहीं अत्रि मुनि का आश्रम भी स्थित है।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक गोपीचंद विश्वकर्मा ने सभी ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के महत्व के बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भोला राम पटेल सहित शिक्षक सचिन कुमार, शालिनी, नवरात्रि एवं विनीता उपस्थित रहीं।

