February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जनगणना 2027 के कार्य अतिमहत्वपूर्ण, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरते :-डीएम

1 min read
Spread the love

जनगणना 2027 के कार्य अतिमहत्वपूर्ण, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरते-डीएम
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कैम्प का हुआ आयोजन
धौलपुर,

जनगणना 2027 की तैयारियों के अन्तर्गत जिले की प्रशासनिक इकाईयों की सूची एवं नक्शों के सत्यापन हेतु एक दिवसीय कैम्प का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 तक मकान सूची करण और आवास गणना की जाएगी तथा द्वितीय चरण फरवरी 2027 से जनसंख्या गणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील के समस्त राजस्व ग्रामों की एवं नगरीय निकायों के वार्डो की अद्यतित सूची तैयार की जाएगी। जनगणना 2011 के पश्चात् सीमाओं में परिवर्तन गठन आदि से सम्बन्धित जारी समस्त अधिसूचना, तहसील का नक्शा, समस्त राजस्व ग्रामों को दर्शाते हुए तथा नगरीय निकाय पर प्रमाणित नक्शा वर्तमान परिसीमन के अनुसार वार्डो की सीमाओं को दर्शाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व ग्रामों की संख्या, वर्तनी हिन्दी व अंग्रेजी, क्षेत्रफल, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति की पुष्टि व नक्शों का सत्यापन किया जाना है। जनगणना 2027 के लिए यह सभी कार्य अतिमहत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरते।
लोगों से कुल 33 जानकारियां ली जाएंगी
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना में लोगों से कुल 33 जानकारियां ली जाएंगी। इसमें नाम, भवन नम्बर जैसी सामान्य जानकारियों के अलावा कई महत्वपूर्ण सवाल होंगे। इस बार समय के हिसाब से जनगणना के प्रश्नों में बदलाव किया गया है। 2011 की जनगणना में नागरिकों से 29 प्रकार की जानकारियां ली गई थी।
इस बार लोगों से इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप या कंप्यूटर है या नहीं? इंटरनेट सुविधा है या नहीं? क्या लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल स्मार्टफोन या कोई दूसरी डिवाइस यूज करते हैं? इस तरह के सवाल भी पूछे जाएंगे। इसके साथ ही लोग घर पर चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का या इसके अलावा कौनसा मुख्य अनाज खाते हैं यह भी पूछा जाएगा।
ये सवाल भी होंगे
पेयजल का मुख्य स्रोत, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, नाली खुली है या पैक, खाना पकाने के लिए किस ईंधन का प्रयोग होता है, घर में शौचालय और परिवार के इस्तेमाल के लिए प्रयाग शौचालय है या नहीं ये सवाल भी होगा। इसके साथ ही लोगों से यह भी पूछा जाएगा कि वे एससी, एसटी या अन्य किस वर्ग से आते हैं। उनके घर में सदस्यों के रहने के लिए कुल कितने कमरे हैं? घर में कार, जीप, मोटरसाइकिल, साइकिल क्या वाहन उपलब्ध है। ये तमाम जानकारियां ली जाएंगी। वहीं मकान में छत, दीवार और फर्श किससे बनी है यह जानकारी भी इकठ्ठा की जायेगी।
इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जबकि 2011 में इसके लिए आईसीआर तकनीक का उपयोग किया गया था। स्मार्टफोन और टैबलेट जैसे आधुनिक उपकरणों के जरिये जानकारी एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी हो सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष ऐप बनाए गए है, जो प्रगणकों व अन्य अधिकारियों के काम को आसान करेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर एवं सैपऊ कर्मवीर सिंह, बाड़ी भगवत शरण त्यागी, बसेड़ी सुरेन्द्र शर्मा, राजाखेड़ा सुशीला मीणा, सहायक निदेशक निदेशालय जनगणना जयपुर विशाल शर्मा, सांख्यिकी अन्वेषक सचिन कुमार, बृजेश शर्मा, श्वेता मीणा, उपनिदेशक सांख्यिकी विभाग राजेश कुमार, नगर परिषद आयुक्त तथा अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *