विभिन्न मांगों को लेकर हैरिंग्टनगंज विकासखंड में ग्राम विकास अधिकारी धरना पर बैठे
1 min readहैरिंग्टनगंज अयोध्या
उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ एवं ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन द्वारा अपनी मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर किए जा रहे धरना प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। संगठन का कहना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत क्षेत्रीय ग्राम सचिवों से विभागीय दायित्वों के साथ-साथ बिना संसाधन उपलब्ध कराए अन्य विभागों के कार्य भी लिए जा रहे हैं, जिससे कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। वहीं अव्यवस्थित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली ने कर्मचारियों की समस्याओं को और बढ़ा दिया है।
दिनेश कुमार

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो 15 दिसंबर को प्रदेश सचिव के निर्णयानुसार सभी ग्राम पंचायत अधिकारी कार्य बहिष्कार करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्यभार और संसाधनों की कमी के बावजूद उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जा रहा है।
धरना स्थल पर जय सिंह, अरविंद कुमार वर्मा, मुकेश कुमार मौर्य, संतोष कुमार यादव, विनोद कुमार, भूपेंद्र तिवारी, राजेंद्र प्रसाद पांडे समेत दर्जनों अधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारी अधिकारियों ने कहा कि जब तक समाधान नहीं मिलता, शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
