लंबित मांगों को लेकर ग्राम विकास अधिकारीयों का शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन प्रारंभ
1 min readग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार से शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया है। यह आंदोलन अयोध्या जनपद में केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर संचालित किया जा रहा है।
अयोध्या

जनपद में हैरिंग्टनगंज विकासखंड में पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार, 1 से 4 दिसंबर तक सभी सचिव काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को सचिव धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे और सभी सरकारी व्हाट्सऐप समूहों से खुद को अलग कर लेंगे। आंदोलन के अगले चरण में, 10 दिसंबर से सचिव निजी वाहनों का उपयोग बंद कर देंगे, और 15 दिसंबर से ब्लॉक मुख्यालय पर डोंगल जमा करेंगे।
इस आंदोलन का नेतृत्व जिला स्तरीय पदाधिकारी अनिल कुमार दूबे, हरगोविन्द वर्मा, नीरज सिंह और नसीम खान कर रहे हैं। हैरिंग्टनगंज के पंचायत सचिव संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार मौर्य के साथ जय सिंह यादव, राजेन्द्र पाण्डेय, विनोद कुमार, शास्वत आचारी, विजय कुमार, अतुल वर्मा, मिथलेश और अरविन्द कुमार सहित अन्य सचिव काली पट्टी धारण कर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि वे ऑनलाइन उपस्थिति (FRS) व्यवस्था और गैर-विभागीय कार्यों का विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन चरणबद्ध ढंग से जारी रहेगा।
दिनेश कुमार
