किछौछा–बढ़नी बस सेवा पर संकट, स्टाफ की कमी के कारण संचालन अटका; सभासद आरती जायसवाल ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को भेजा पत्र
1 min readगोसाईगंज अयोध्या।
किछौछा से बढ़नी के बीच प्रस्तावित बस सेवा, जिसकी समय सारणी और किराया सूची दो माह पूर्व ही जारी की जा चुकी थी, एक बार फिर रुकावट में फंस गई है। अकबरपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने चालक और परिचालक की कमी का हवाला देकर बस संचालन से असमर्थता व्यक्त की है। इससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों में निराशा फैल गई है और यात्री अब भी प्राइवेट वाहनों पर निर्भर हैं।
गौरतलब है कि इस बस सेवा को शुरू करने की अनुमति परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गोसाईगंज नगर पंचायत की सभासद आरती जायसवाल के पत्र पर दी थी। अनुमति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर थी, लेकिन संचालन से दोबारा इंकार ने लोगों को निराश कर दिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सभासद आरती जायसवाल ने मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, मंडलायुक्त और परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर डिपो प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई और बस सेवा को जल्द शुरू कराने की मांग की है।
योजना के अनुसार बढ़नी से सुबह 6 बजे बस संख्या यूपी 78 एचटी 4396 तथा अकबरपुर से शाम 6 बजकर 15 मिनट पर बस संख्या यूपी 78 एचएन 2567 चलनी थी। दोनों बसों के ठहराव, समय और दूरी की स्वीकृति विभाग द्वारा पहले ही प्रदान की जा चुकी है।
किराया सूची भी सार्वजनिक की जा चुकी है। किछौछा से बढ़नी तक 270 किलोमीटर दूरी का किराया 368 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा गोंडा 218 रुपये, अयोध्या 127 रुपये, बलरामपुर 276 रुपये, तुलसीपुर 313 रुपये, टांडा 32 रुपये तथा महबूबगंज 61 रुपये भाड़ा तय किया गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बस सेवा जल्द शुरू नहीं हुई तो हजारों यात्रियों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

