मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम,जिला निर्वाचन अधिकारी ने ग्राउंड जीरो पर जाकर की मॉनिटरिंग
1 min readजिले में शुरू हुआ मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ग्राउंड जीरो पर जाकर की मॉनिटरिंग
धौलपुर
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में 4 नवम्बर से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी ने बाड़ी क्षेत्र में पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण कर मौके पर अधिकारियों से जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बाड़ी के खानपुर मीणा, अग्रवाल धर्मशाला बाड़ी सहित कई मतदान केंद्रों और मतदाताओं के घर पर जाकर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग ने पुराने एस आई आर की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं का वंशावली की मैपिंग किया गई है। यदि किसी मतदाता का नाम वर्तमान सूची में नहीं है, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम पिछले एस आई आर में शामिल है, तो पारिवारिक संबंध के आधार पर नाम जोड़ा जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर आंशिक रूप से भरे गणना प्रपत्र की दो प्रतियां देनी होंगी, साथ ही गणना प्रपत्र भरने में मतदाताओं की मदद करनी होगी और भरे हुए प्रपत्रों को ईआईसीनेट ऐप पर अपलोड करना होगा।
मतदाताओं से यह अपेक्षा की गई है कि वे आवश्यक जानकारी सही-सही भरें, एक प्रति बीएलओ को दें और दूसरी रसीद अपने पास रखें। उन्होंने बताया कि 4 नवबंर से 4 दिसंबर तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस फेज रहेगा जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 942 मतदान केन्द्र तथा 9 लाख 17 हजार 846 मतदाता जिनमें 4 लाख 89 हजार 482 पुरूष मतदाता, 4 लाख 28 हजार 356 महिला मतदाता एवं 8 ट्रांसजेण्डर मतदाता शामिल है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

