February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

डायमंड जुबली जंबूरी प्रशिक्षण को लेकर भारतीय पाठशाला, फर्रुखाबाद में संगोष्ठी का सफल आयोजन

1 min read
Spread the love

फर्रुखाबाद,

भारतीय पाठशाला, फर्रुखाबाद में आज जंबूरी प्रशिक्षण के संबंध में एक सारगर्भित एवं प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया।
संगोष्ठी में श्री मयंक शर्मा (सहायक प्रदेशिक संगठन आयुक्त )मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जंबूरी संगठन के उद्देश्यों एवं प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, नेतृत्व एवं टीम भावना को विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।”
उन्होंने प्रतिभागी स्काउट गाइड को प्रशिक्षण के दौरान अपनाई जाने वाली अनुशासन व्यवस्था, प्रतियोगिताओं, वेशभूषा तथा आवश्यक सामग्रियों (बैग, टेंट इत्यादि) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला स्काउट गाइड मुख्य आयुक्त एवं भारतीय पाठशाला के प्रधानाचार्य श्री दिनेश वर्मा ने बताया कि जंबूरी प्रशिक्षण शिविर से पूर्व 6 एवं 7 नवंबर को कायमगंज तथा 8 एवं 9 नवंबर को फर्रुखाबाद में विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आगामी जंबूरी में अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन द्वारा जनपद का नाम गौरवान्वित कर सकें। उन्होंने शिविर में टेंट व्यवस्था एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण की रूपरेखा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा उन्होंने बताया छात्रों के आने-जाने का खर्च जिला स्काउट गाइड फंड द्वारा प्रदान किया जाएगा। जिला सचिव डॉ. श्री महेश चंद्र राजपूत ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण न केवल छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व एवं सेवा भावना का भी संचार करते हैं। श्रीमती चमन शुक्ला (डी. ओ. सी. गाइड)ने जंबूरी आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा प्रशिक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश साझा किए। श्री सर्वेश कुमार (डायमंड जुबली जंबूरी ट्रेनिंग के मंडल कंटीजेंट लीडर स्काउट) ने प्रशिक्षण में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं लीडर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जंबूरी जैसी राष्ट्रीय गतिविधियाँ विद्यार्थियों में एकता, सहयोग, जिम्मेदारी एवं राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्री महेश चंद्र राजपूत ने सभी अतिथियों, स्काउट गाइड लीडर्स का आभार व्यक्त करते हुए संगोष्ठी की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर आईटी इंचार्ज योगेश कुमार , संतोष कुमार त्रिपाठी (प्रधानाचार्य रस्तोगी इंटर कॉलेज एवं स्काउट गाइड कोषाध्यक्ष) , इंदू मिश्रा प्रधानाचार्य एन. ए. के.पी. इंटर कॉलेज, विनीत चौहान जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, गजेंद्र सिंह जिला संगठन कमिश्नर, अनुज तिवारी स्काउट लीडर सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज , श्रवण कुमार मिश्रा स्काउट लीडर सीपी इंटरनेशनल स्कूल , पुष्पेंद्र शर्मा स्काउट लीडर भारतीय पाठशाला फर्रुखाबाद,अमन मैसी सिटी गर्ल्स इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद, सुनीता पांडे मदन मोहन बालिका इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद, ममता पॉल रखा इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद, आदि सहित सभी स्काउट गाइड लीडर एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

       योगेश कुमार ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *