खण्डासा में 25 सालों से बनी रास्ते व नाली निकासी की समस्या
1 min readखण्डासा में 25 सालों से बनी रास्ते व नाली निकासी की समस्या
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लगाया मनमानी करने का आरोप
अयोध्या जनपद के विकासखंड अमानीगंज क्षेत्र अंतर्गत खंडासा गांव के रमोल पुरवा में करीब 25 वर्षों से नाली निकासी तथा रास्ते की समस्या बनी हुई है। कीचड़ भरे रास्ते से ग्रामीण आने जाने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जिंदगी और मौत से जूझ रहे लोगों के लिए गांव में एम्बुलेंस भी नहीं आ सकती। प्रसूता महिलाओं को साइकिल तथा मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर जाना पड़ता है।
आपको बता दे की सोमवार सुबह करीब 10 बजे खंड विकास अधिकारी अमानीगंज के कार्यालय पर खंडासा गांव के दर्जनों ग्रामीण शिकायती पत्र लेकर खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत हुए। ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देते हुए गांव में नाली खड़ंजे आदि की समस्या को अवगत कराया। जिस पर खंड विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया और समस्याओं के निस्तारण का पूर्ण आश्वासन दिया। वही ग्रामीणों का आरोप है कि विगत 25 वर्षों से गांव में नाली निकासी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण दुर्गंध भरे दूषित पानी से गुजरकर आने जाने को मजबूर होते हैं। गांव में आने जाने वाले रास्ते में बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव को नाली निकासी व रास्ते की समस्या से कई बार अवगत कराया गया परन्तु ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा मनमानी किया जा रहा है। उक्त प्रकरण की ग्रामीणों ने लगातार शिकायत भी की है परंतु न तो ग्राम प्रधान न ही सचिव कोई देखने तक नहीं आया। गांव की महिलाओं ने आरोप लगाया है कि चुनाव आते ही प्रधान उनके दरवाजे पर आते हैं झूठा वादा करते हैं और भूल जाते हैं। मगर अब जुमला नहीं चलेगा, जो काम करेगा उसे ही वोट दिया जाएगा। ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा भी लगाया। इस मामले में जब खण्ड विकास अधिकारी अमानीगंज सूर्य प्रकाश मिश्रा से जानकारी चाही गई तब उन्होंने बताया कि स्थलीय निरीक्षण किया गया कार्ययोजना में प्रस्ताव देकर जल्द ही कार्य कराया जाएगा।

