जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव रेखा यादव द्वारा विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता के संबंध में किया बैठक
1 min read
धौलपुर, राजस्थान
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सचिव रेखा यादव ने बताया कि जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें शारीरिक दिव्यांगता, दृश्य एवं श्रव्य दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता एवं अन्य दिव्यांगता वाले विशेष रूप से सक्षम बच्चों द्वारा भाग लिया जाएगा।
बैठक में सचिव ने बताया कि समूह प्रतियोगिता में कबड्डी और वॉलीबॉल तथा एकल प्रतियोगिता में लंबी कूद, बैडमिंटन, कैरम, चैस, टेबल टेनिस, पेंटिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सभी स्पेशल विद्यालय, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के 8 वर्ष की आयु से 18 वर्ष की आयु या मानसिक मंदता में 18 वर्ष से अधिक आयु के विशेष रूप से सक्षम जन को शामिल करते हुए उनके मध्य आयोजित की जाएगी। प्रत्येक स्तर पर तीन प्रतियोगिताओं के लिए पृथक-पृथक प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर प्रतिभागी चयनित किए जाएंगे। इनमें से प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम अथवा प्रतिभागी अगले स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे अर्थात एक जिला स्तर से सभी प्रतियोगिताओं के अनुसार पृथक-पृथक प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी संभाग स्तर पर संबंधित प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसी क्रम में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के मध्य राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
सचिव ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन 6 से 25 सितंबर तथा संभाग स्तर पर 27 सितंबर से 17 अक्टूबर एवं राज्य स्तर पर 3 नवंबर के बाद कराया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती नीरू जैन, खेल अधिकारी बृजेंद्र सिंह, विशेष अध्यापक राकेश सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

