तीन के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम में खंडासा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एक गिरफ्तार
1 min readतीन पर खंडासा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एक गिरफ्तार।
मिल्कीपुर, अयोध्या।
खंडासा पुलिस ने तीन के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया है। मौक़े से गिरफ्तार एक आरोपी को पुलिस ने न्यायालय पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
24 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि खंडासा चौकी क्षेत्र के बकचुना जंगल में तीन व्यक्ति एक गाय के पैर को रस्सी से बांधकर वध करने के उद्देश्य से ले जाने की फिराक में है। पुलिस टीम के जंगल में पहुंचने पर घनी झाड़ी में गाय को बांधकर तीन लोग मौके पर बैठे थे। पुलिस को देखकर तीनों लोग जंगल के अंदर भागने लगे, पुलिस ने एक व्यक्ति को दौड़कर पकड़ लिया जबकि दो भागने में कामयाब रहे, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान थाना क्षेत्र के ही खंडासा गांव निवासी गुड्डू उर्फ मुख्तार के रूप में हुई। पुलिस ने गाय के पैर से रस्सी खुलवाकर गाय को कंजी गांव निवासी राकेश कुमार को सुपुर्द कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी गुड्डू ने पूछताछ में बताया कि क्षेत्र के पाकड़पुर निवासी रवि और संतोष मेरे साथी हैं। हम तीनों लोग मिलकर छुट्टा गायों को पकड़कर जंगल में बांध देते हैं, मौका पाकर गाय को एकांत जगह पर ले जाकर वध करके गो मांस बेंचते हैं। चौकी प्रभारी खंडासा मनोज कुमार त्रिपाठी की तहरीर पर तीन अभियुक्तों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 के तहत केस दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक खंडासा सुरेंद्र कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर एक अभियुक्त का चालान किया गया है दो की तलाश की जा रही है।

