बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए जरूरी कृमि नाशक दवा :- जिला कलक्टर
1 min readबच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए जरूरी कृमि नाशक दवा-जिला कलक्टर
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल,
5 लाख 98 हजार बच्चे होंगे लाभान्वित
धौलपुर,
बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण रोकने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी द्वारा जिला कलेक्ट्रेट पर दो बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने आमजन को संदेश दिया कि बच्चों के सम्पूर्ण शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए कृमि नाशक दवा आवश्यक रूप से खिलाएं। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम संबंधी जागरूकता पोस्टर का भी विमोचन किया।
जवाहर नवोदय विद्यालय पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को कृमि मुक्ति के बारे में जानकारी दी गई साथ ही कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने कहा कि बच्चों के शारीरिक विकास, हीमोग्लोबिन स्तर, पोषण एवं बौद्धिक विकास के लिए उन्हें कृमि संक्रमण से बचाने के लिए उन्हें हर छः माह में कृमि नाशक एलबेंडाजोल खिलाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कृमि मुक्ति दिवस के दौरान एक से 19 साल तक की उम्र के लक्षित बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है। पेट में कीड़े कृमि से निजात दिलाने वाली यह दवा जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर निशुल्क उपलब्ध होगी। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव मीणा ने कहा कि बच्चों व किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण रोकने और जन जागरूकता के लिए आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण एक आम संक्रमण है, जिस कारण पेट की आंतों में कृमि उत्पन्न होने से शरीर के पोषक तत्वों को वे खा जाते हैं। इस कारण खून की कमी और कुपोषण के साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इस अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय कर शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे।
इस दौरान जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, मदरसों, तकनीकी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों में कृमिनाशक दवाओं का वितरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पंजीकृत, अपंजीकृत बच्चों व किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारण वश आज कृमि नाशक दवा खाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 29 अगस्त को मॉपअप राउंड के तहत सभी कॉलेज, विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी।
ब्यूरो विजय शर्मा

