हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर निकाली गई साइकिल तिरंगा रैली
1 min readहर घर तिरंगा अभियान
जिला मुख्यालय पर निकाली साइकिल रैली, जिला कलक्टर ने की अगुवाई, बच्चों के दिखा खासा उत्साह
धौलपुर

हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप 15 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न देशभक्ति आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय पर भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ की अगुवाई में नगर परिषद धौलपुर से शुरू हुई साइकिल रैली का तीर्थराज मचकुंड पर समापन हुआ। रैली में स्कूल कॉलेज के छात्र छात्राओं और विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। छात्र छात्राएं साइकिल चलाते हुए मचकुंड पर पहुंचे। समापन के बाद बच्चों ने तिरंगे के साथ सेल्फी ली, कुछ छात्र छात्राओं ने जिला कलक्टर और सीईओ जिला परिषद के साथ सेल्फी लेकर खुशी का इजहार किया। रैली के समापन पर जिला कलक्टर ने संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, यात्रा, बाइक रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय उत्सव में भाग लें। हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर जाकर वालंटियर बने।
ब्यूरो विजय शर्मा

