February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

हर घर तिरंगा अभियान के रजीविका कार्यालय में तिरंगा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला परिषद स्थित रजीविका कार्यालय में मंगलवार को तिरंगा मेला के तहत भव्य तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग एवं अन्य ग्रामीण उद्यमी संस्थाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को जन-जन तक पहुँचाना और उनके विपणन को बढ़ावा देना था।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आव्हाद निवृत्ति सोमनाथ ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह हर नागरिक में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय कारीगरों और महिला समूहों को पहचान मिलती है, बल्कि वोकल फॉर लोकल के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों, गैर-सरकारी संगठनों एवं स्थानीय उद्यमी संस्थाओं ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। इनमें जूट के बैग, फाइल फोल्डर, सादा वस्त्र, चूड़ियां, अचार, मसाले, पापड़, दैनिक उपयोग की सामग्री, साड़ियां सहित अनेक हस्तनिर्मित और पारंपरिक वस्तुएं शामिल थीं, जो स्वदेशी कला और हस्तशिल्प की झलक प्रस्तुत कर रही थीं।
प्रदर्शनी में डीपीएम राजीविका भूपेश गर्ग, जिला प्रबंधक वित्तीय समावेशन रवि कुमार, बीपीएम बाड़ी राहुल, सरमथुरा ओमवीर, बसेड़ी दिनेश, राजाखेड़ा घनश्याम, धौलपुर नितिन, सैपऊ चंद्रकांत जैमन, रिद्धि, मदन, मंजरी से आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
इस अवसर पर प्रदर्शनी का अवलोकन करने आए आगंतुकों ने उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की सराहना की तथा इनका बड़े पैमाने पर उपयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *