राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने बीएलओ ड्यूटी संशोधन के संबंध में जिला अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
1 min readबांदा

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बांदा ने बीएलओ ड्यूटी संशोधन के संबंध में जिला अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गर्भवती महिलाओं,दिव्यांगों एवं 55 वर्ष से अधिक के शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग की
जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि जनपद बांदा में बीएलओ ड्यूटी अनियमित तरीके से लगा दी गई है। बी एल ओ की नियुक्ति के संबंध में समस्त विभागों के राजकीय/संविदा कर्मचारी लगाए जाने के निर्देश हैं जबकि जनपद बांदा में अधिकतम बी एल ओ शिक्षकों को बनाया गया है। जिससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित होना तय है। ग्राम पंचायत स्तरीय अन्य विभागों के कर्मचारी को बीएलओ ड्यूटी पर पहले लगाया जाना चाहिए। कई शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी पंचायत चुनाव एवं विधानसभा चुनाव दोनों में अलग-अलग क्षेत्रों में लगा दी गई हैं। इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाध्यापकों की बी एल ओ ड्यूटियां लगाई गई है जिससे विद्यालय का संचालन प्रभावित हो रहा है,क्योंकि विद्यालय के मिड डे मील से लेकर संचालन की समस्त जिम्मेदारी इंचार्ज प्रधानाध्यापक की रहती है। साथ ही 60 – 70% से 100% तक दिव्यांग शिक्षकों की ड्युटियां भी लगा दी गई हैं। जिससे उनको ड्यूटी करने में असुविधा होगी।
अतः राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बीएलओ ड्यूटी के संबंध में जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर निम्न मांगे की है-
(1)निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अन्य विभागों के राजकीय/संविदा कर्मचारियों को बीएलओ ड्यूटी में पहले लगाया जाए,बहुत आवश्यकता होने पर ही शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी में लगाया जाए जिससे कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। अधिकतम शिक्षक बीएलओ ड्यूटी में लगा देने पर विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित होने की पूर्ण आशंका है।
(2)समस्त प्रधानाध्यापकों/इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त रखा जाए जिससे विद्यालयों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
(3) समस्त दिव्यांग शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।
(4)55 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी न लगाई जाए।
(5)गर्भवती,गंभीर बीमार एवं मातृत्व अवकाश में होने वाली महिला शिक्षिकाओं को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।
(6)एक शिक्षक की एक ही बीएलओ ड्यूटी या तो पंचायत चुनाव या फिर विधानसभा चुनाव में एक ही क्षेत्र में लगाया जाए।
ज्ञापन सौंपने में मण्डल अध्यक्ष डॉ शिव प्रकाश सिंह, जिला अध्यक्ष पंकज सिंह सहित विनोद कुमार शिवहरे,राजेंद्र कुमार द्विवेदी, सौरभ मिश्रा, बाबूराम, अरुण कुमार साहू, राघव कुमार मिश्रा, मनीष कुमार, संजय चंदेरिया लाल बहादुर, जूही शर्मा, शशि गुप्ता, अनुराग सिंह, आलोक खरे आदि उपस्थित रहे
