सीएचसी में अधीक्षक गायब, 200 से ज्यादा मरीजों को परेशानी, डॉक्टर बोले-आयुष्मान कार्ड कैंप में व्यस्त थे
1 min readमिल्कीपुर/ अयोध्या

अयोध्या जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर में शनिवार को अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा पूरे दिन अनुपस्थित रहे। अधीक्षक कक्ष का दरवाजा पूरा दिन बंद रहा। इस दौरान रोजाना की तरह करीब 200 से 250 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वास्थ्य कर्मियों से होने वाली समस्याओं की शिकायत करने के लिए कोई अधिकारी नहीं मिला। स्वास्थ्य कर्मी भी पूरे दिन अधीक्षक के आने का इंतजार करते रहे। प्रदेश सरकार ने अस्पताल परिसर में चिकित्सकों के लिए आवास की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को 24 घंटे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लेकिन लाखों रुपये की लागत से बना अधीक्षक आवास खाली पड़ा है। डॉ. सिन्हा मिल्कीपुर के बजाय सीएचसी खंडासा में रात्रि विश्राम करते हैं। जब डॉ. आनंद सिन्हा से फोन पर उनकी अनुपस्थिति का कारण पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि वह तेंधा गांव में आयुष्मान कार्ड कैंप में व्यस्त थे। इस स्थिति से मिल्कीपुर क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
