शासन के निर्देश पर पनीर व दूध के खिलाफ चला विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान, कई प्रतिष्ठानों से सैंपल संकलित
1 min readसुलतानपुर।
शासन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को संयुक्त टीम द्वारा जिले में पनीर, दूध और दही के नमूने संकलित किए गए। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना था।
अभियान के दौरान टीम ने सबसे पहले सब्जी मंडी स्थित मिल्क जोन नामक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां से पनीर और दूध के सैंपल लिए गए। इसके बाद विवेक नगर स्थित आदर्श डेयरी पर पहुंचकर वहां से दूध, दही और पनीर के नमूने संकलित किए गए। सभी सैंपल प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की टीम इस विशेष अभियान में पूरी तत्परता से सक्रिय रही। इस अभियान दल में सहायक आयुक्त खाद्य अजीत कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक पटेल के साथ संदीप यादव, अंजनी मिश्रा और रमाशंकर पटेल शामिल रहे। टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हलचल देखी गई, वहीं आम उपभोक्ताओं ने इस प्रयास की सराहना की।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की निगरानी और निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार की मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

