February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

कचहरी परिसर में वकीलों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले

1 min read
Spread the love

बांदा

जिला कचहरी परिसर आज उस समय रणभूमि में तब्दील हो गया जब चैंबर के विवाद को लेकर वकीलों के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक अधिवक्ता लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद दोपहर के समय शुरू हुआ जब वकीलों के दो गुट चैंबर के मालिकाना हक को लेकर आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में एक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर राजीव प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए दोनों गुटों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
क्षेत्राधिकारी नगर राजीव प्रताप सिंह ने बताया, “कचहरी परिसर में वकीलों के दो गुटों में चैंबर के विवाद को लेकर झड़प हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिसर में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *