अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस की पूर्व संध्या पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
1 min readगोण्डा।
जनपद के झंझरी ब्लॉक स्थित आबकारी गोदाम परिसर में अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस की पूर्व संध्या पर नशा मुक्ति के लिए एक प्रचार एवं शिक्षात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोक गीत राग रागनी कला मंच, श्रावस्ती द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें लोक गीतों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं और स्थानीय लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक,मानसिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला आबकारी अधिकारी गोण्डा ने उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे की लत को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। लोक गीतों के माध्यम से प्रस्तुत संदेशों ने नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया। इन गीतों ने न केवल जागरूकता फैलाई,बल्कि लोगों को नशे के खिलाफ प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम में मद्य निषेध विभाग के जिला मद्य निषेध अधिकारी आलोक तिवारी, आबकारी निरीक्षक वंदना केसरवानी, अभिषेक मिश्रा, राशिद खान, शिवलाल मौर्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नशा मुक्ति के लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर युवाओं ने नशे के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यह आयोजन नशा मुक्ति के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। स्थानीय लोगों ने इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की, ताकि नशे की लत से समाज को मुक्त किया जा सके।

