February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

डीएवी पब्लिक स्कूल कुमारगंज के पूर्व छात्र उदितांश श्रीवास्तव ने नीट 2025 में हासिल की ऑल इंडिया 1053 रैंक

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर अयोध्या।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र उदितांश श्रीवास्तव ने नीट 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 1053 रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि डीएवी स्कूल और कुमारगंज क्षेत्र में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। उदितांश की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उदितांश श्रीवास्तव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, कुमारगंज से प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2018 से 2021 तक इस स्कूल में कक्षा 9 तक पढ़ाई की। इसके बाद, उन्होंने लखनऊ के प्रतिष्ठित जी कॉलेज से अपनी आगे की शिक्षा ग्रहण की, जहां उन्होंने नीट की तैयारी के लिए कठिन परिश्रम किया। उदितांश के पिता संतोष श्रीवास्तव डीएवी पब्लिक स्कूल, कुमारगंज के पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। उनकी मां एक गृहिणी हैं, जिन्होंने उदितांश के सपनों को साकार करने में हर कदम पर उनका साथ दिया।
उदितांश ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपनी अथक मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उदितांश के पिता संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि उदितांश बचपन से ही मेधावी छात्र रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी रुचि रखता है। विशेष रूप से स्पोर्ट शूटिंग में उदितांश ने सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उदितांश की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता संतोष श्रीवास्तव ने गर्व के साथ कहा, “उदितांश ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि अगर ठान लिया जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।” मां ने भी बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने परिवार का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *