देश की सुख, शांति व समृद्धि के लिए अवसान माई की दुर दुरिया में 121 मातृ शक्तियों ने की पूजा, देश की सुख-शांति के लिए प्रार्थना
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या।
अमानीगंज विकास खंड के ग्राम पंचायत जय राजपुर में अवसान माई की दुर दुरिया का भव्य सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 121 मातृ शक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम पंचायत के हैजा माई के स्थान पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का नेतृत्व अमानीगंज विकास खंड के प्रधान संघ अध्यक्ष व जय राजपुर के प्रधान पवन पांडेय ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने अवसान माई की पूजा-अर्चना कर जीवन के सभी दुखों को दूर करने और देश की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
दुर दुरिया एक पारंपरिक धार्मिक आयोजन है, जिसमें महिलाएं अवसान माई की कथा सुनती हैं और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करती हैं। मान्यता है कि अवसान माई की पूजा से सुहाग की रक्षा होती है, पारिवारिक सुख-समृद्धि बढ़ती है और जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं। इस आयोजन में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन किया और लाई, चना व गुड़ का प्रसाद ग्रहण किया।
प्रधान पवन पांडेय ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सामाजिक एकता और आपसी प्रेम को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा अवसान माई की दुर दुरिया का यह कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से हम न केवल अपनी परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मकता और भाईचारे का संदेश भी देते हैं।इस अवसर पर पवन पांडेय ने ग्रामवासियों से सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का आह्वान भी किया।

