April 6, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

भाजपा नेता ने बैठक में तानी रिवाल्वर, वरिष्ठ कार्यकर्ता को मारा थप्पड़, मुकदमा दर्ज, संगठन में हड़कंप

1 min read
Spread the love

राम की नगरी में भाजपा नेता ने बैठक में तानी रिवाल्वर, वरिष्ठ कार्यकर्ता को मारा थप्पड़ – मुकदमा दर्ज, संगठन में हड़कंप

अयोध्या, मया बाजार।
भारतीय जनता पार्टी जहां सुशासन और अनुशासन की बात करती है, वहीं अयोध्या के मया बाजार में एक मंडल स्तरीय बैठक में खुलेआम पार्टी अनुशासन तार-तार होता दिखा। राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा नेता अमर बहादुर सिंह उर्फ गुडू ने वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रभूषण पांडेय को थप्पड़ जड़ दिया और लाइसेंसी रिवाल्वर लहराकर जान से मारने की धमकी दी।

घटना सोमवार को उस समय हुई जब चंद्रभूषण पांडेय बैठक में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमर बहादुर सिंह ने पहले अपशब्द कहे, फिर थप्पड़ मारते हुए पांडेय को बाहर तक दौड़ाया। राहगीरों और दुकानदारों ने बताया कि सिंह ने रिवाल्वर निकाल कर खुलेआम धमकाया, जिससे भगदड़ मच गई और कई कार्यकर्ता मौके से भाग खड़े हुए।

पीड़ित चंद्रभूषण पांडेय भाजपा के पुराने और सम्मानित कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं और पार्टी के ‘संघ खेमे’ के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने घटना की लिखित शिकायत थाने में दी, जिसके बाद काफी दबाव के चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना की जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह तक पहुंची है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि आरोपी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

इस घटना से पार्टी के अंदर गहरा आक्रोश है। कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि दबंग नेता संगठन में दबदबा बनाए हुए हैं, जबकि समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।

राम की नगरी में रिवाल्वर और थप्पड़ की यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पार्टी के अंदर संवाद और संगठन के पतन की चिंताजनक तस्वीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *