शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग लगभग 38 बीघा गेहूं की फसल व अवशेष जलकर राख
1 min readअमानीगंज-अयोध्या

खंडासा थाना क्षेत्र के सहजनमऊ गांव में बुधवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 38 बीघा गेहूं की खड़ी फसल व फसल का अवशेष जलकर राख हो गया। अग्निशमन व पुलिस कर्मियों ने दमकल की सहायता से आग बुझाई। क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षति का आकलन कर तहसील प्रशासन को अपनी रिपोर्ट प्रेषित की।
दोपहर तकरीबन 12:00 बजे तेज़ पछुआ हवाओं के बीच गांव के पश्चिम तरफ ट्रांसफार्मर के पास गेहूं के खेत में आग लग गई देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गेहूं की खड़ी फसल, भूसा व भूसा बनाने के लिए खेत में पड़ा फसल का अवशेष जलकर राख हो गया। अग्निकांड में गांव निवासी वीरेंद्र तिवारी, शेर बहादुर, वेद प्रकाश तिवारी, ओम प्रकाश, लाल बहादुर, कंचन, शिवमूरत देवी की गेहूं की खड़ी फसल एवं कमलाकांत, साधू राम,राजेन्द्र तिवारी का भूसा और फसल का अवशेष जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से कुछ किसानों के कीमती पेड़ भी जल गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों और खंडासा पुलिस के जवानों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। लेखपाल संजय कुमार पाठक ने बताया कि अग्निकांड में हुई क्षति की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को प्रेषित कर दी गई है।
