संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव
1 min readफांसी पर लटका मिला विवाहिता का शव
अयोध्या

जनपद के इनायत नगर थाना क्षेत्र स्थित मवई कला गांव में विवाहिता 26 वर्षीय उमा तिवारी का शव उसके कमरे में ही पंखे से साड़ी के सहारे फांसी पर लटका मिलने के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची इनायत नगर पुलिस ने विवाहिता का शव कब्जे में लेकर पंचायत नामा कराने के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मवई कला गांव निवासी वीर प्रताप की शादी वर्ष 2019 में परसौली गांव निवासी उमा तिवारी के साथ हुई थी। रविवार को महिला उमा तिवारी को उसके कमरे में ही लगे पंखे से साड़ी के सहारे लटका देखे जाने के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन फानन में महिला को फ़ंदे से नीचे उतरवाया और एंबुलेंस कॉल कर इलाज के लिए तैयारी की। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में मौजूद चिकित्सक की टीम ने महिला को मृत घोषित करते हुए अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। उधर घटना की जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला का शव कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक श्री सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, तहरीर नहीं मिली है ,तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। विवाहिता के दो बच्चे हैं जिनमें 4 वर्ष की बेटी लवी एवं 2 वर्ष का बेटा कन्हैया शामिल है। वहीं दूसरी और ग्रामीण ने दबी जुबान से बताया कि रविवार को सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहा सुनी हुई थी, जिसके बाद नाराज महिला ने आत्महत्या कर ली है। फिलहाल पुलिस भी घटना को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है।
