होली की खुशियां गम में बदली, 17 वर्षीय युवक की तालाब में डूबकर मौत, परिजनों का रो- रोकर बुराहाल
1 min read
मिल्कीपुर, अयोध्या
जनपद के थाना इनायतनगर के अहिरौली सलोनी गांव में होली खेलने के बाद तालाब पर नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की तालाब पर नहाते समय डूब कर दर्दनाक मौत। पूरे गांव में शोक की लहर,परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल।
मां बाप के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए इकलौते बेटे की तालाब में डूब कर मौत हो गई। इनायत नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि इनायत नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरौली सलोनी निवासी राम प्रसाद कहार का बेटा अखिलेश उम्र 17 वर्ष होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ गांव से थोड़ी दूर पर स्थित तालाब में नहाने गया था। जहां तालाब में पानी अधिक होने से वह डूबने लगा। साथी को डूबता देख उसके मित्रों ने गुहार लगायी। गुहार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो किशोर तालाब में डूब रहा था। ग्रामीणों द्वारा उसे बचाने के प्रयास के साथ उसके परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही इनायत नगर इंस्पेक्टर संदीप कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अमर बहादुर पटेल के साथ मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम बुलाकर स्थानीय लोगों की मदद से पानी में डूब रहे 17 वर्षीय अखिलेश को बाहर निकाला गया तथा इलाज के लिए सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अखिलेश अपने माता-पिता का अकेला बेटा था। उसके माता-पिता मेहनत मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।यह भी बताया गया कि अखिलेश बलदेव विद्या पीठ इंटर कालेज में कक्षा 12 में पढ़ता था। वह पढ़ाई के साथ साथ ई-रिक्शा बैटरी की रिपेयरिंग करके घर के खर्चे खुराकी में पिता की मदद करता था। उसके तीन बहने हैं, जिनमें बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है। वहीं परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है। इनायत नगर इंस्पेक्टर संदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

