चकमार्ग को खाली कराने व राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग
1 min readचकमार्ग को खाली कराने व राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग
क्षेत्रीय लेखपाल पर बिना मौके पर गये मनगढ़ंत फर्जी रिपोर्ट लगाने का आरोप।
कर्नलगंज,गोण्डा।
तहसील क्षेत्र के ग्राम कंजेमऊ में चकमार्ग की पैमाइश करवाकर अतिशीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराने तथा फर्जी रिपोर्ट लगाकर निस्तारण करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग जिलाधिकारी से की गई है।
प्रकरण तहसील कर्नलगंज से जुड़ा है। यहाँ के ग्राम कंजेमऊ निवासी लाल कुमार सिंह पुत्र जंगबहादुर सिंह ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में दिये गये पत्र में कहा है कि गाँव स्थित चकमार्ग को रामतेज पुत्र बाबूराम आदि ने नवम्बर माह में जोतकर बांस बल्ली लगाकर घेरकर अपने खेत में मिला लिया था तथा चकमार्ग को अवरुद्ध कर दिया था। इसके संबंध में दिनांक 02.12.2023 को तहसील दिवस करनैलगंज में प्रार्थना पत्र दिया गया था। करीब तीन महीने का समय बीतने के बाद भी संबंधित कर्मचारियों द्वारा जब कोई कार्यवाही नहीं की गई तब दिनांक 28.02.2024 को जिलाधिकारी के समक्ष तहसील दिवस में दिया गया प्रार्थना पत्र संलग्न करते हुए पुनः उपरोक्त चकमार्ग से अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। जिसे संदर्भ संख्या 20018324005117 अपलोड कर चकमार्ग से अतिक्रमण हटवाने हेतु उपजिलाधिकारी करनैलगंज को भेजा गया। जिस पर क्षेत्रीय लेखपाल सर्वेश कुमार द्वारा बिना मौके पर गये व बिना प्रार्थी को सूचित किए यह फर्जी रिपोर्ट लगा दी गई कि चकमार्ग का सीमांकन कर पृथक कराकर पटाई हेतु प्रधान को सुपुर्द कर दिया गया है। लेखपाल से जब फर्जी रिपोर्ट के बारे में बात किया गया तो उन्होंने बताया कि बगल के खातेदार रामतेज द्वारा जो फसल चकमार्ग जोतकर बोया था वह बड़ी हो गयी है,फसल जब कट जायेगी तब उसे सरकार के पक्ष में नीलाम करवाने के बाद चकमार्ग को अलग कर दिया जायेगा। आरोप है कि लेखपाल के कथन से चकमार्ग कभी खाली नहीं हो सकता है क्योंकि प्रत्येक फसल तीन महीने में बड़ी हो जाती है जब चकमार्ग खाली रहेगा तब उनके पास समय नहीं रहेगा। उन्होंने उपरोक्त चकमार्ग की पैमाइश करवाकर अतिशीघ्र चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा फर्जी रिपोर्ट लगाकर निस्तारण करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग की है। मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए प्रभारी अधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्नलगंज को प्रकरण की जांच कराकर निस्तारण कराने एवं चकमार्ग को अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराने का निर्देश दिया है।

