मेगा राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
1 min readकार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,
बॉदा

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी दिनांक 09 मार्च, 2024 दिन शनिवार को प्रातः 10.00 बजे से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इस मेगा राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु माननीय उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा कल दिनांक 08.02.2024 को जनपद में प्रचार वाहन भेजा जा रहा हैं। उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार, प्रचार वाहन द्वारा दिनांक 08.02.2024 व 09.02.2024 को मुख्यालय बांदा में व समस्त तहसीलों में किया जायेगा। जिसका शुभारम्भ कल दिनांक 08.02.2024 को माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बांदा श्रीमान डा० बब्बू सारंग द्वारा प्रातः 10:15 बजे ए०डी०आर० भवन से हरी झण्डी दिखाकर किया जायेगा। दिनांक 09 मार्च, 2024 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण सम्बन्धी वाद, चेक बाउन्स व मोटर यान अधिनियम सम्बन्धी वाद, शमनीय दाण्डिक वाद, राजस्व वाद, चकबन्दी वाद, बैंक रिकवरी, श्रम, बीमा, बिजली व टेलीफोन सम्बन्धी वाद, जलकर निर्धारण, नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील आदि का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जायेगा।
इस सम्बंध में समस्त विधि व्यवसायियों, वादकारी जनता एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से अपील है कि आप अपने-अपने वादों के निस्तारण हेतु दिनांक 09 मार्च, 2024 दिन शनिवार को आयोजित की जा रही राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वाद नियत कराते हुए जरिये सुलह-समझौता निस्तारण करावें तथा इस अवसर का लाभ उठावें।
