बंदरों के आतंक से स्कूली बच्चों में दहशत,शिक्षक भी परेशान
1 min readकर्नलगंज,गोण्डा।

स्थानीय तहसील क्षेत्र के विकास खंड हलधरमऊ अन्तर्गत कंपोजिट विद्यालय गद्दोपुर में बंदरों के आतंक से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे दहशत में हैं। बंदर स्कूल के आसपास सुबह घूमते रहते हैं और मौका मिलते ही बच्चों पर झपट पड़ते हैं। बुधवार को विद्यालय में पढ़ाई करते समय कक्षा 4 के छात्र राज कुंवर गौतम पुत्र राजमंगल पर बंदर ने हमला भी कर दिया वहीं गांव की एक महिला को बंदर ने काट लिया। प्रधानाध्यापक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बेखौफ बंदर खाना खा रहे बच्चों पर झपट पड़ते हैं। बच्चों को विद्यालय में बंद करके पढ़ाया जाता है। पानी पीने के लिए बच्चे निकलते हैं तो शिक्षक लाठी,डंडा लेकर साथ में जाते हैं। इस संबंध में जानकारी करने हेतु खंड विकास अधिकारी हलधरमऊ से संपर्क किया गया तो उनका फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर था।
