संपूर्ण समाधान दिवस पर युवक ने किया शिकायत, बीडीओ का नया आदेश,ग्रामसभा कादीपुर नगर पालिका में शामिल
1 min readनया आदेश काफी चर्चा में,जिम्मेदारों की मनमानी कार्यशैली पर उठ रहे गंभीर सवाल।
कर्नलगंज, गोण्डा।

तहसील मुख्यालय स्थित विकास खंड कर्नलगंज के बीडीओ का एक नया आदेश लोगों में काफी चर्चा का विषय बना है और जिम्मेदारों की मनमानी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ताजा मामला विकास खंड कर्नलगंज से जुड़ा है, यहाँ के ग्राम कादीपुर के निवासी रामरतन पुत्र खुशीराम ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस तहसील कर्नलगंज में प्रार्थना पत्र देकर उसके पत्नी कलावती को गांव के सामुदायिक शौंचालय की साफ सफाई देखरेख का लगभग एक वर्ष का खर्च धनराशि दिलाये जाने के संबंध में मांग की थी। जिस पर अपने पृष्ठांकन आदेश में खंड विकास अधिकारी जे०एन०राव द्वारा कहा गया है कि ग्राम पंचायत कादीपुर नगर क्षेत्र में सम्मिलित हो जाने के कारण ग्राम पंचायत के सामुदायिक शौंचालय का रखरखाव नगर पालिका परिषद कर्नलगंज को करना है। जबकि सत्यता यह है कि ग्राम पंचायत कादीपुर के मात्र तीन पुरवे बृजलाल पुरवा, गौतम पुरवा, लाला पुरवा को नगर पालिका में शामिल किया गया है और 7 पुरवे अभी भी ग्राम पंचायत में शेष बचे हैं और 1000 से अधिक मतदाता ग्राम पंचायत कादीपुर में निवास कर रहे हैं। खंड विकास अधिकारी का यह नया आदेश लोगों में काफी चर्चा का विषय बना है और जिम्मेदारों की मनमानी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

