सरपंच चुनाव की रंजिश में वरीपुरा गांव में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला; दो महिलाओं सहित तीन घायल,
1 min readसरपंच चुनाव की रंजिश में वरीपुरा गांव में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला; दो महिलाओं सहित तीन घायल,
घर पर हमले का वीडियो वायरल, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंपी शिकायत;
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस,
बाड़ी, न्यूज।
बाड़ी उपखंड के बसई डांग थाना क्षेत्र के वरीपुरा गांव में सरपंच चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश में दो पक्षों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाले हरेंद्र सिंह पुत्र जरदान सिंह गुर्जर के अनुसार ग्राम पंचायत बसई डांग में हुए सरपंच चुनाव में उन्होंने गांव के एक प्रत्याशी को वोट दिया था, लेकिन आरोपी पक्ष को शक था कि उन्होंने उस प्रत्याशी को वोट नहीं दिया। इसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। आरोप है कि 10 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे ठाकुर दास पुत्र कप्तान सिंह, हंसराम पुत्र हाकिम सहित 8-10 अन्य लोग लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया।हमले में शारदा पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, राजेश बाई पत्नी मुकेश सिंह और संतोष पुत्र जरदान सिंह घायल हो गए। हरेंद्र सिंह को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। हरेंद्र सिंह का आरोप है कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपियों ने पत्थरबाजी की। पीड़ित ने पुलिस पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
वहीं, बसई डांग थाने के एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पर बीएनएस की धारा 189, 115 और 126 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

