October 30, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम बच्ची समेत दो की मौत, एक घायल

1 min read
Spread the love

परसपुर-सीबीएन बेलसर मार्ग पर दर्दनाक हादसा: डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम बच्ची समेत दो की मौत, एक घायल

परसपुर (गोंडा)। परसपुर-सीबीएन बेलसर मार्ग पर सरदार पुरवा मोड़ के समीप बुधवार की शाम दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार परसपुर से बेलसर की ओर जा रहे थे, तभी सरदार पुरवा मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत परसपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को एंबुलेंस से जिला अस्पताल गोंडा भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *