October 14, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र

1 min read
Spread the love

अशोकवापुर में 220 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र

एक साल से ग्रामीण लगा रहे गुहार, अब 15 दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने ठोस कदम उठाने की दी चेतावनी

कटरा बाजार (गोंडा)। ग्राम पंचायत कोटिया मदारा के मजरा अशोकवापुर में खराब रास्ते से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी गोण्डा से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने गांव के मुख्य रास्ते पर करीब 220 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति प्रदान कर जल्द निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की अपील की गई है।ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम पंचायत कोटिया मदारा, विकासखंड कटरा बाजार, तहसील करनैलगंज के अंतर्गत आने वाले मजरा अशोकवापुर में पक्की सड़क से गांव के मुख्य रास्ते गाटा संख्या-753 तक पहुंचने वाला मार्ग बेहद खराब स्थिति में है। रास्ते पर गड्ढे होने के साथ जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव के लोगों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है। इसी रास्ते से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को गांव से बाहर निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का सुरक्षित तरीके से निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, खराब रास्ते की समस्या से गांव के सभी लोग प्रभावित हैं।

एक साल से अधिकारियों को करा रहे अवगत, नहीं हो रही सुनवाई

प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की इंटरलॉकिंग कराने के लिए ग्राम प्रधान, सचिव, विकास विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी व मंडल आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा को कई बार अवगत कराया जा चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि निर्माण कार्य के लिए फोटो सहित प्रस्ताव और संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी की स्वीकृति के लिए भेजे जाने की बात भी कही गई थी। इसके बावजूद लगभग एक वर्ष से मांग किए जाने के बाद भी रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें रास्ते के निर्माण का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

15 दिन में समाधान की मांग

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 220 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने और जल्द सड़क बनवाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण कोई ठोस कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। प्रार्थना पत्र पर दीनानाथ अवस्थी, श्रवण कुमार शुक्ला, त्रिजुगी नारायण शुक्ला, राजेश कुमार यादव, दीप नारायण शुक्ला और मोहम्मद सलमान सहित अन्य कई ग्रामीणों के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई करेगा, जिससे गांव के लोगों को खराब रास्ते और जलभराव से राहत मिल सकेगी। अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की इस मांग पर जिला प्रशासन कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और अशोकवापुर के लोगों को आवागमन की समस्या से निजात दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। या फिर हर बार की तरह इस प्रार्थना पत्र को भी ठंडे बस्ते में दबा दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *