लर्निंग बाई डूइंग के तहत बच्चों ने पीवीसी पाइप से बनाया टेबल लैंप
1 min readलर्निंग बाई डूइंग के तहत बच्चों ने पीवीसी पाइप से बनाया टेबल लैंप
करके सीखो गतिविधि से बच्चों में बढ़ रही रचनात्मकता, हुनर और आत्मनिर्भरता की भावना
टप्पल, अलीगढ़।
बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कंपोजिट विद्यालय जहाँनगढ़, विकासखंड टप्पल में लर्निंग बाई डूइंग (करके सीखो) कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को पीवीसी पाइप की मदद से टेबल लैंप बनाना सिखाया गया। इस गतिविधि में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और स्वयं अपने हाथों से टेबल लैंप तैयार करना सीखा।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, तकनीकी समझ और स्वयं कुछ नया बनाने की क्षमता विकसित करना है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने टेबल लैंप बनाने की प्रक्रिया को समझा और उसे व्यावहारिक रूप से करके सीखा। खुद से नई वस्तु बनाने का अवसर मिलने पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा एवं सहायक अध्यापक कुशल कुमार के निर्देशन में गतिविधि संपन्न कराई गई, जबकि सहायक अध्यापक राजकुमार शर्मा ने सहयोग प्रदान किया। शिक्षकों के प्रयास से बच्चे प्रतिदिन नई-नई वस्तुएं बनाना सीख रहे हैं। इससे उनमें सीखने की रुचि लगातार बढ़ रही है और वे अपने ज्ञान का उपयोग वास्तविक जीवन में करना सीख रहे हैं।
विद्यालय के शिक्षकों का मानना है कि करके सीखने की पद्धति बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, समस्या समाधान की क्षमता और कुछ नया करने की प्रेरणा विकसित होती है। लर्निंग बाई डूइंग जैसी गतिविधियां बच्चों को केवल पढ़ने तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें अपने हुनर को पहचानने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ाती हैं।

