October 9, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

छत से फिसलकर नीचे गिरा 35 वर्षीय युवक, दर्दनाक मौत

1 min read
Spread the love

अयोध्या
खंडासा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरियारपुर अधियौना गांव में बुधवार की रात छत से गिरकर 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार बरियारपुर अधियौना गांव निवासी दुर्गा प्रसाद गौतम बुधवार की रात खाना खाने के बाद अपने भतीजे के साथ सोने के लिए लेटे थे। रात करीब 10 बजे वह लघुशंका के लिए उठे और द्वितीय तल स्थित छत पर चले गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरे। उनके गिरने की आवाज सुनकर साथ सो रहा भतीजा शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में दुर्गा प्रसाद को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक छत पर ओस जमने के कारण फर्श काफी फिसलन भरा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दुर्गा प्रसाद का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गए। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जाता है कि दुर्गा प्रसाद टेंट व्यवसाय से जुड़े थे और शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों में टेंट लगाने का कार्य करते थे। उनकी शादी हो चुकी थी, लेकिन उनके कोई संतान नहीं थी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान अधियौना नकछेद रावत, भाजपा मिल्कीपुर मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक तथा जिला पंचायत सदस्य बबलू पासी सहित अन्य लोग रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार को खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शव घर नहीं पहुंचा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *