112 साल पुरानी ऐतिहासिक रामलीला शिव बारात के साथ शुरु
1 min readसुल्तानपुर में 112 साल पुरानी ऐतिहासिक रामलीला शिव बारात के साथ शुरु
भगवान विष्णु, ब्रह्मा और शिव की आकर्षक झांकियां निकलीं, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, अगले 14 दिन अयोध्या के कलाकार करेंगे मंचन
सुल्तानपुर। शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ 112 साल पुरानी ऐतिहासिक रामलीला की शुरुआत गुरुवार देर रात शिव बारात के साथ हुई। शहर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भगवान विष्णु, ब्रह्मा और भगवान शिव के स्वरूप धारण किए कलाकारों से सजी झांकियां निकाली गईं। शोभायात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष हनुमान त्रिपाठी ने बताया कि रामलीला इस वर्ष अपना 112वां वर्ष पूरा कर रही है, जो जिले की सबसे पुरानी और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। अगले 14 दिनों तक रामलीला मैदान में अयोध्या से आए कलाकार रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेंगे।
पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई शोभायात्रा
रामलीला परिसर में हनुमान त्रिपाठी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
शोभायात्रा शहर के चौक, शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा और गल्ला मंडी होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। ठठेरी बाजार स्थित बड़ी दुर्गा के पंडाल पर शिव बारात में शामिल बारातियों का स्वागत किया गया। यहां सुनील सोनी, पवन कसौधन और दिनेश चौरसिया समेत अन्य लोगों ने बारातियों को जलपान कराया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि “रामलीला सुल्तानपुर की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है।”


