कम्पोजिट विद्यालय जहाँनगढ़ में लर्निंग बाई डूइंग प्रयोगशाला का उद्घाटन, बच्चों को मिल रहा प्रयोगात्मक सीखने का अवसर
1 min read
टप्पल, अलीगढ़।
कम्पोजिट विद्यालय जहाँनगढ़, विकासखंड टप्पल, जनपद अलीगढ़ में 21 सितंबर 2026 को लर्निंग बाई डूइंग (करके सीखो) प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। प्रयोगशाला का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी टप्पल, ग्राम प्रधान श्री पवन कुमार शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष श्री राम रतन एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया।
विद्यालय में स्थापित इस प्रयोगशाला में बच्चों को गतिविधियों एवं प्रयोगों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। प्रयोगशाला में कंप्यूटर भी लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी एवं डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच तथा समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा, सहायक अध्यापक श्री राजकुमार शर्मा, श्री कुशल कुमार, सहायक अध्यापिका श्रीमती अंशु सोलंकी एवं श्रीमती सना उपस्थित रहीं। विद्यालय में लर्निंग बाई डूइंग गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
सहायक अध्यापक श्री कुशल कुमार के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला में दूरबीन का निर्माण किया। बच्चों ने स्वयं सामग्री को समझते हुए प्रयोगात्मक तरीके से दूरबीन तैयार की, जिससे उनमें करके सीखने की रुचि बढ़ी। विद्यालय में प्रतिदिन नए-नए प्रैक्टिकल एवं गतिविधियां कराई जा रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि इस प्रकार की प्रयोगात्मक शिक्षा बच्चों को विषयों को आसानी से समझने और अपने ज्ञान को व्यवहार में उतारने में सहायक होगी।



