शराब विक्रेता से मारपीट, सिर में गंभीर चोटें जिला अस्पताल रेफर
1 min readउधार शराब देने से इनकार पर सेल्समैन से मारपीट, सिर में गंभीर चोट
हैरिंग्टनगंज, अयोध्या।
जनपद के थाना इनायत नगर क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज चौकी क्षेत्र मलेथू बुजुर्ग सिंह नगर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर गुरुवार रात उधार शराब देने से मना करने को लेकर सेल्समैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब लेने पहुंचे तीन अज्ञात लोगों ने विवाद के बाद सेल्समैन पर हमला कर दिया। घटना में उसके सिर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम डीह भरथी निवासी अमर सेन यादव उक्त शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे तीन युवक दुकान पर पहुंचे और अमर सेन से उधार शराब देने की मांग की। सेल्समैन द्वारा उधार शराब देने से इनकार किए जाने के बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते तीनों आरोपियों ने अमर सेन के साथ मारपीट कर दी। हमले के दौरान उनके सिर में चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर हैरिंग्टनगंज चौकी के एसआई वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सेल्समैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद सिर में लगी चोट को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अमर सेन यादव ने चौकी में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसआई वीरेंद्र सिंह के मुताबिक शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

