तालाब में डूबा 23 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ तलाश में जुटी, गांव में पसरा मातम
1 min readतालाब में डूबा 23 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ तलाश में जुटी, गांव में पसरा मातम
गोंडा।
परसपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत चरसड़ी के मजरा चरसड़ी डीहा में 23 वर्षीय युवक के तालाब में डूबने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान परमजीत निषाद पुत्र के रूप में हुई है। घटना बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार परमजीत रोज की तरह घर के पास ही गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर खोजबीन शुरू की गई तो तालाब के किनारे उसकी चप्पलें मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। अनहोनी की आशंका से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, मां और बहनें बेसुध हो रही हैं। सूचना पर परसपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है। अंधेरा अधिक होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आई। शुक्रवार सुबह से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तालाब में युवक की तलाश में जुटी है। गोताखोरों की मदद से तालाब की तलाशी ली जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा है, तलाश जारी है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

