शिक्षकों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी में गोंडा ब्लॉक के शिक्षकों ने दिखाई प्रतिभा
1 min readअलीगढ़।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मडराक, अलीगढ़ के तत्वावधान में बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में विकास खंड गोंडा के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न प्रकार की आकर्षक एवं रचनात्मक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। शिक्षकों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों में उनकी सृजनात्मक सोच, कलात्मक अभिरुचि और मेहनत की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी में उपस्थित लोगों ने शिक्षकों की प्रतिभा की सराहना की।
संघमित्रा, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय गोंदिलपुर, विकास खंड गोंडा
इस अवसर पर डायट मडराक के प्राचार्य ने प्रदर्शनी में लगाई गई विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए रचनात्मक कार्यों की जानकारी ली तथा उनके उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां शिक्षकों की रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में भी कला एवं सृजनात्मकता के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक होती हैं।
गोंडा ब्लॉक के शिक्षकों ने प्रदर्शनी में अपनी कलाकृतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि शिक्षक केवल शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कला और रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकते हैं।

