कम्पोजिट विद्यालय जहाँनगढ़ में ‘लर्निंग बाय डूइंग’ के तहत बच्चों ने सीखा टेलीस्कोप बनाना
1 min readटप्पल अलीगढ़।
विकास खंड टप्पल क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय जहाँनगढ़ में बच्चों के रचनात्मक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने के उद्देश्य से एलबीडी (लर्निंग बाय डूइंग) अर्थात ‘करके सीखो’ गतिविधि के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को टेलीस्कोप बनाना सिखाया गया। इस रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधि में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयं टेलीस्कोप बनाने की प्रक्रिया को समझा।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा ने बताया कि लर्निंग बाय डूइंग गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से नई-नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, जिज्ञासा तथा सीखने की क्षमता का विकास होता है।
विद्यालय में यह गतिविधि सहायक अध्यापक श्री कुशल कुमार की देखरेख में आयोजित की जा रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को टेलीस्कोप के निर्माण और उसके कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधि में सहभागिता की और नई जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक अध्यापक राजकुमार शर्मा, सहायक अध्यापिका श्रीमती अंशु सोलंकी, सहायक अध्यापिका श्रीमती लकी शर्मा एवं सहायक अध्यापिका श्रीमती सना भी उपस्थित रहीं। सभी शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें गतिविधि में सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय परिवार का मानना है कि ऐसी प्रयोगात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करती हैं।

