कम्पोजिट विद्यालय जहानगढ़ में ई-कचरा प्रबंधन पर विशेष गतिविधि आयोजित
1 min read


चार रंगों के डस्टबिन के उपयोग की दी जानकारी
टप्पल, अलीगढ़।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर 2026 को कम्पोजिट विद्यालय जहानगढ़ में इको क्लब के अंतर्गत ई-कचरा प्रबंधन विषय पर विशेष जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। यह गतिविधि एआरपी श्रीमती मोनिका शर्मा के सपोर्टिंग सुपरविजन में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में हरे, नीले, लाल और काले रंग के चार डस्टबिन की व्यवस्था कर विद्यार्थियों को उनके उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा ई-कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति विद्यार्थियों और विद्यालय समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा।
विद्यार्थियों को ई-कचरे की पहचान, उसके विभिन्न प्रकार, कचरे का पृथक्करण और सुरक्षित संग्रहण करने की जानकारी दी गई। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कचरे को खुले में न जलाने, इधर-उधर न फेंकने तथा उपयोगी उपकरणों की मरम्मत, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा, सहायक अध्यापक राजकुमार शर्मा, कुशल कुमार, श्रीमती लकी शर्मा, श्रीमती सना सहित विद्यालय के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने गांव के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे भी अपने घरों में कचरे के उचित पृथक्करण के लिए चारों रंगों के डस्टबिन की व्यवस्था करें, ताकि स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
